संवाददाता
उरई/जालौन
दिनांक 22 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा शहर के विभिन्न स्थलों पर स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने के समय विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। उन्हें बताया गया कि विद्यार्थियों को उनके घर से सुरक्षित रूप से रिसीव कर घर तक ही छोड़ा जाए, वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए, अपने लेन में ही वाहन चलाया जाए, रॉन्ग साइड एवं तेज गति से वाहन न चलाया जाए तथा सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस दौरान एक स्कूली वाहन बिना बीमा के संचालित पाया गया, जिस पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। समस्त वाहन चालकों को वाहन से संबंधित सभी वैध प्रपत्र—जैसे पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट एवं ड्राइविंग लाइसेंस—हमेशा साथ रखने की सलाह दी गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार द्वारा चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही राहवीर योजना, हिट एंड रन योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त सभी चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई। वाहन में उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स (मेडिकल किट) की नियमित जांच करने तथा दवाइयों की वैधता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने एवं उसके उपयोग का प्रशिक्षण प्राप्त करते रहने का भी सुझाव दिया गया।