जनगणना कार्य की तैयारियाँ समयबद्ध प्रगति पर

अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट एवं सख्त निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, उरई में जनगणना कार्य की वर्तमान स्थिति को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से जुड़ी सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, जनगणना ऐप/पोर्टल की स्थिति, आवश्यक प्रपत्रों की उपलब्धता, जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष बचे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तत्काल पूर्ण की जाए तथा सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना ऐप/पोर्टल के संचालन, लॉगिन आईडी, उपकरणों एवं प्रपत्रों की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं होनी चाहिए।

बैठक में बताया गया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा—
फेज–1: 01 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक
फेज–2: 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक
जबकि जनगणना की रेफरेंस तिथि 01 मार्च 2027 निर्धारित की गई है।

जनपद में जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु 02 मास्टर ट्रेनर, 60 फील्ड ट्रेनर, 622 सुपरवाइजर एवं 3730 प्रगणकों (Enumerator) की आवश्यकता है, जिसके सापेक्ष तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।

जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार को लेकर निर्देश दिए गए कि नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से जनगणना के महत्व पर व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए। इसके लिए बैनर, पोस्टर, मुनादी एवं सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *