एनएचएआई-27 पर ग्राम जखौली के समीप दर्दनाक सड़क हादसा

ट्रक का टायर फटने से पांच लोगों को कुचला, तीन की मौके पर मौत, दो घायल

संवाददाता — उरई/जालौन

जनपद जालौन में एनएचएआई-27 पर ग्राम जखौली के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्याज से लदा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्वयं ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर बिखरी प्याज की बोरियों को हटवाया। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे प्रशासनिक प्रयासों से लगभग 20 मिनट में सामान्य करा दिया गया।

दुर्घटना में मृतकों की पहचान माया देवी (46 वर्ष) पत्नी अनंतराम, निवासी जखौली तथा लौंगश्री (45 वर्ष) पत्नी बलबान, निवासी उसरगांव, कालपी के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वह ट्रक चालक हो सकता है।
वहीं हादसे में बंदना (18 वर्ष) पुत्री बलवान एवं अरमान पुत्र जयवीर घायल हुए हैं।

प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अज्ञात मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *