मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस द्वारा बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों हेतु जागरूकता अभियान

संवाददाता — कानपुर देहात

दिनांक 14 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों की पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देना तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित करना रहा।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई गई।

साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खातों से धोखाधड़ी आदि से बचाव हेतु व्यावहारिक सुझाव एवं आवश्यक सावधानियां साझा की गईं।

महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आई.टी.) अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया कि “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन निरंतर प्रतिबद्ध है।

पुलिस प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें या उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें, अथवा 112 पर कॉल कर त्वरित सहायता प्राप्त करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *