मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस ने महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण व कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

संवाददाता — कानपुर देहात

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 11 जनवरी 2026 को श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर थाना स्तर की पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों के प्रति विस्तृत जानकारी दी गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा उन्हें अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना रहा। इस दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के बारे में बताया गया तथा सोशल मीडिया व इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी खातों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां साझा की गईं।

कानूनी जागरूकता के अंतर्गत महिलाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं साइबर अपराधों से संबंधित आईटी एक्ट की जानकारी प्रदान की गई। पुलिस द्वारा महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें।

कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *