जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के समस्त धान क्रय केंद्रों का उपजिलाधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण

संवाददाता — कानपुर देहात

किसानों को राहत प्रदान करने तथा धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर जनपद के समस्त धान क्रय केंद्रों का सघन निरीक्षण उपजिलाधिकारियों द्वारा कराया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को अपनी उपज विक्रय में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर समयबद्ध भुगतान प्राप्त हो।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धान क्रय केंद्रों पर क्रय व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों के अनुपालन, किसानों के बैठने एवं पेयजल की सुविधा, बारदाना की उपलब्धता तथा भुगतान की स्थिति का गहन परीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों से किसी प्रकार की अवैध कटौती न की जाए और क्रय प्रक्रिया में बिचौलियों की कोई भूमिका न रहे

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान क्रय केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक किसान के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जा रहे हैं। साथ ही केंद्रों पर दैनिक धान क्रय प्रगति, भुगतान की अद्यतन स्थिति एवं अभिलेखों के संधारण की भी जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय से प्राप्त हो और धान खरीद व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद कार्य को गंभीरता से लेते हुए नियमित निरीक्षण जारी रखें, जिससे किसानों को अधिक से अधिक राहत मिल सके और क्रय व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *