संवाददाता — उरई/जालौन
दिनांक 10 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद जालौन में “नो हेलमेट–नो फ्यूल” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के पेट्रोल भरवाने आए दोपहिया वाहन चालकों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाने पहुंचे वाहन चालकों के चालान किए गए तथा उन्हें कठोर चेतावनी देते हुए सरकार, परिवहन विभाग एवं उनके परिवार की ओर से अपील की गई कि वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें और बिना हेलमेट के वाहन का संचालन बिल्कुल न करें।
वहीं, जो वाहन चालक हेलमेट पहनकर पेट्रोल भरवाने पहुंचे, उन्हें माला पहनाकर एवं फूल देकर सम्मानित किया गया तथा उनसे आमजन को भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, जनपद जालौन द्वारा वाहन चालकों एवं राहगीरों को “राह-वीर योजना” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाकर सहायता करता है, तो पीड़ित की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने की स्थिति में भी वह व्यक्ति राह-वीर योजना के अंतर्गत मान्यता के लिए पात्र होगा, बशर्ते अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर यह पुष्टि करे कि मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना थी।
उन्होंने बताया कि ऐसे सराहनीय कार्य के लिए शासन द्वारा रु. 25,000/- की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाती है। अभियान का उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दुर्घटनाओं में कमी लाना है।