संवाददाता – कानपुर देहात
दिनांक 09.01.2026 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपदीय थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने एवं सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल से बचाव के संबंध में उपयोगी सुझाव साझा किए गए।
कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करना है।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में यह अभियान निरंतर प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।