कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता – कानपुर देहात

दिनांक 09.01.2026 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एक शिकायतकर्ती द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि वह दिव्यांग एवं बेरोजगार है तथा उसके पति भी दिव्यांग हैं, जिसके कारण परिवार की आजीविका प्रभावित हो रही है। उक्त प्रकरण को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सेवायोजना अधिकारी से वार्ता कर शिकायतकर्ती को रोजगार उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी द्वारा जनशिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित हो सके और आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *