राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई, 48 शिकायतों पर हुई सुनवाई

बालिकाओं के सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली की माननीय सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन. द्वारा माननीय सदस्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

महिला जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनपद कानपुर देहात सहित औरैया, इटावा एवं कन्नौज से कुल 48 शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतकर्ता संबंधित विवेचकों के साथ राष्ट्रीय महिला आयोग की माननीय सदस्य के समक्ष उपस्थित हुईं। डॉ. अर्चना मजूमदार ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान माननीय सदस्य द्वारा आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न योजनाओं की महिला लाभार्थियों से संवाद किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बालिकाओं का कम उम्र में विवाह होने से उनका शैक्षिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास बाधित होता है और वे शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा तक पहुंच, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं वित्तीय स्वतंत्रता जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर के सेंटर मैनेजर, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *