पटेल चौराहे से इंदिरा स्टेडियम तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क मार्ग हुआ पूरी तरह साफ

संवाददाता
उरई/जालौन

नगर में यातायात को सुचारू रखने और सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका एवं पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत पटेल चौराहे से की गई, जो इंदिरा स्टेडियम तक लगातार जारी रहा।

अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले, दुकानों की बढ़ाई गई सीमाएं, निर्माण सामग्री तथा रास्ते में रखे अतिक्रमणकारी सामान को हटवाया गया। कई स्थानों पर पूर्व चेतावनी के बावजूद न हटाए गए अवैध ढांचों को मौके पर ध्वस्त कर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह कार्रवाई आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *