समाचार:
जनपद जालौन, 11 नवंबर 2025।
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच भी आम नागरिक की तरह नियमों का पालन करते हुए कार्य करना, सुशासन की सच्ची तस्वीर पेश करता है। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को परिवहन कार्यालय पहुंचकर स्वयं अपना ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण कराया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले निर्धारित काउंटर पर आवेदन प्रक्रिया पूरी की, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए और निर्धारित शुल्क जमा किया। इसके बाद उन्होंने बायोमेट्रिक व फोटोग्राफी की प्रक्रिया संपन्न की। इस दौरान उन्होंने कतार में खड़े अन्य आवेदकों से बातचीत कर उनके अनुभव भी साझा किए।
लाइसेंस नवीनीकरण के बाद जिलाधिकारी ने परिवहन कार्यालय के लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस और टैक्स सेक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कार्यालय व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुव्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं ताकि आवेदकों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। साथ ही कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी पाण्डेय ने कहा कि परिवहन कार्यालय जनता से सीधे जुड़ा विभाग है, इसलिए यहां की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और नागरिक सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि “पारदर्शी प्रशासन और नागरिक सुविधा” सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी को अपने कार्यों में इसका अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए।