विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) की जानकारी राजनीतिक दलों को दी गई

जनपद जालौन | दिनांक : 06 नवम्बर 2025
सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) प्रारंभ हो गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और पूर्व-भरे गणना प्रपत्र (Pre-filled Enumeration Form) का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं को प्रेरित कर रहे हैं कि उनके परिवार के सभी योग्य सदस्य मतदाता सूची में दर्ज हों तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि, चूक या दोहराव न रहे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी संकलित की जाएगी।
मतदाता सूची में संशोधन हेतु दावे और आपत्तियाँ दर्ज कराने की अंतिम तिथि 08 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

जिलाधिकारी पाण्डेय ने कहा कि शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) शीघ्र नियुक्त करें और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी उरई नेहा व्याडबाल, उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि —
शान्ति स्वरूप महेश्वरी (भा.ज.पा.), राजीव शर्मा (सपा), भगवती शरण पांचाल (बसपा), उदय वीर सिंह (बसपा), विनोद कुमार नगरिया (भा.क.पा.), अरविन्द शेंगर (कांग्रेस), राजकुमार वर्मा (कांग्रेस) एवं जमालुद्दीन (सपा) आदि उपस्थित रहे।

बैठक में सभी दलों को विशेष अभियान की रूपरेखा, प्रक्रिया एवं महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *