जिलाधिकारी की उपस्थिति में खरीफ फसल धान की उत्पादकता का किया गया आकलन

जनपद कानपुर देहात
दिनांक – 29 अक्टूबर 2025

कानपुर देहात में जिलाधिकारी कपिल सिंह की उपस्थिति में आज तहसील अकबरपुर के राजस्व ग्राम पातेपुर में किसान शिव प्रसाद पुत्र मथुरा प्रसाद के खेत (गाटा संख्या 350) में खरीफ फसल धान की उत्पादकता का वास्तविक आकलन किया गया।

रैंडम आधार पर चयनित गाटा संख्या में 10 मीटर भुजा वाले समबाहु त्रिभुज क्षेत्र में धान की फसल की कटाई एवं छटाई की गई। परिणामस्वरूप धान का कुल वजन 23.62 किलोग्राम प्राप्त हुआ।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित कृषकों से संवाद करते हुए उन्हें अपने निकटतम धान क्रय केंद्रों पर ही बिक्री करने हेतु प्रेरित किया, ताकि उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े शासन को समय पर प्रेषित किए जाएं, जिससे जनपद की फसल उत्पादकता का सटीक आकलन हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह वार्षिक फसल कटाई प्रयोग जनपद की औसत उत्पादकता निर्धारण में सहायक होता है। कृषि विभाग इन आंकड़ों के आधार पर औसत निकालकर शासन को भेजता है और फसल बीमा योजना के अंतर्गत मुआवजा भुगतान भी इसी डेटा के आधार पर किया जाता है। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इस अवसर पर तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविन्द्र मिश्र, अपर सांख्यिकी अधिकारी सचिन कुमार, ग्राम प्रधान, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *