जनपद जालौन | 10 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)
एमएलसी श्री राम तीरथ सिंघल ने किया शुभारंभ, विधायकों व जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
शासन के निर्देशानुसार राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, उरई में आज से ‘उत्तर प्रदेश ट्रेड शो–स्वदेशी मेला 2025’ का भव्य शुभारंभ किया गया।
मेले का उद्घाटन माननीय श्री राम तीरथ सिंघल, सदस्य विधान परिषद (उत्तर प्रदेश) ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार तथा जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मेले के उद्घाटन उपरांत अतिथियों ने स्वदेशी उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित एवं सराहा।
इस मेले में जनपद जालौन सहित आसपास के जनपदों के कारीगरों, कारोबारियों, स्वयं सहायता समूहों, वस्त्र निर्माताओं एवं पंचगव्य गौ मार्ट प्रा० लि० (हरदौल संघ) द्वारा अपने-अपने उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
मेले में झांसी के मऊरानीपुर एवं रानीपुर से आए कपड़ा कारोबारियों के उत्पादों के साथ-साथ ‘पहली उम्मीद’ एनजीओ के बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने, स्वदेशी उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
जनपदवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।
इस अवसर पर उपयुक्त उद्योग प्रभात यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।