परीक्षा नकलविहीन एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

जनपद जालौन | 10 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

12 अक्टूबर को होगी यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी के निर्देश

जनपद जालौन में 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी —
प्रथम पाली: प्रातः 09:30 से 11:30 बजे तक
द्वितीय पाली: अपराह्न 02:30 से 04:30 बजे तक।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि परीक्षार्थियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि परीक्षा की सतत निगरानी हेतु कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर 5088 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह-व्यवस्थापक की नियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय व बैठने की सुविधा जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं नकलविहीन वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) हेमंत पटेल, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *