जनपद जालौन
दिनांक — 05 अक्टूबर 2025
सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ
महिला शक्ति के संग दौड़ा जालौन — बेटियों, छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया सशक्त संदेश।
जनपद एक स्वर में बोला — “नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।”
मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत रविवार को जनपद जालौन में महिला सशक्तिकरण का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। “रन फॉर वूमेन एम्पावरमेंट” कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाओं, छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिला आरक्षियों, ब्लॉक प्रमुखों, नगर निकायों की चेयरपर्सन एवं संभ्रांत महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस लाइन से टाउन हॉल तक निकली यह भव्य दौड़ जनसहभागिता और महिला सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक बनी। लगभग 5000 से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लेकर समाज में “सशक्त नारी – सशक्त समाज” का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के दौरान महिला अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और जागरूकता से जुड़ा जनसंदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मंच से संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह दौड़ केवल कदमों की गति नहीं, बल्कि महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। मिशन शक्ति के इस चरण में जालौन ने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की है, जहाँ महिलाओं ने स्वयं कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी संभालकर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के समापन पर टाउन हॉल परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल रहा। प्रत्येक प्रतिभागी के चेहरे पर आत्मविश्वास और नारी शक्ति का तेज झलक रहा था।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, सीओ सिटी अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रही।