एडीजी कानपुर जोन ने जालौन में मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के तहत महिलाओं व बालिकाओं से किया संवाद

सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

जालौन, 01 अक्टूबर 2025।
आज अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन द्वारा जिलाधिकारी जालौन श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार के साथ ग्राम चमारी थाना आटा में आयोजित मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सशक्तिकरण, मौलिक अधिकार, विधिक सहायता, हेल्पलाइन नंबर्स एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान एडीजी महोदय ने महिलाओं को आत्मरक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या शोषण संबंधी घटना की सूचना तत्काल 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन अथवा स्थानीय पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस हर परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा हेतु तत्पर है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई महिला घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा साइबर अपराध की शिकार होती है, तो उसे बिना संकोच तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पॉवर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सहित सभी महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया गया।

एडीजी महोदय ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी भागीदारी निभाने, शिक्षा और रोजगार में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया तथा सभी को महापर्व दशहरा की शुभकामनाएँ दीं।

✴️ “जालौन पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है।”
✴️ “जालौन पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु 24×7 प्रतिबद्ध है।”

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *