जिला न्यायाधीश व प्रशासनिक अधिकारियों ने किया जिला कारागार का निरीक्षण

जालौन, 30 सितम्बर 2025 (सूचना विभाग)।
प्रभारी जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल पंवार तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे ने मंगलवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रसोईघर, अस्पताल, वार्ड, परामर्श कक्ष एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बंदियों को मानकानुसार पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि “कारागार केवल दंड का स्थल न होकर सुधार व पुनर्वास का केंद्र होना चाहिए।”

सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सतर्कता एवं नियमित गश्त बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही, विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सुविधाओं की जानकारी दी गई और बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।

निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक नीरज देव एवं स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि मानक व्यवस्था बनाए रखें और समय-समय पर सुधारात्मक पहल जारी रखें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, उप कारापाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *