मंत्री राकेश सचान के प्रयासों से पुखरायां स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का प्रायोगिक ठहराव स्वीकृत

कानपुर देहात, 19 सितम्बर 2025।
प्रदेशवासियों, विशेषकर बुंदेलखंड और कानपुर देहात क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए रेलवे बोर्ड ने पुखरायां रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों का प्रायोगिक ठहराव स्वीकृत किया है।

यह निर्णय उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान के लगातार प्रयासों और पहल का प्रतिफल है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए भारत सरकार के रेल मंत्री को पत्र लिखकर पुखरायां स्टेशन पर ठहराव की आवश्यकता पर जोर दिया था।

रेल मंत्री को लिखे गए पत्र में श्री सचान ने उल्लेख किया था कि पुखरायां औद्योगिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां से बड़ी संख्या में यात्री प्रतिदिन देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन करते हैं।

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार –

  • ट्रेन संख्या 12173/74 लोकमान्य तिलक (टी)–एमबीडीडी प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस

  • ट्रेन संख्या 12943/44 वलसाड–कानपुर उद्योगकर्मी एक्सप्रेस

का प्रायोगिक ठहराव पुखरायां रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ही सुविधाजनक तिथि से लागू होगा।

इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार, मा0 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में लगातार जनसुविधाओं का विस्तार कर रही है। पुखरायां स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव मिलने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि स्थानीय उद्योग-व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड के प्रति आभार प्रकट किया और आशा जताई कि भविष्य में भी प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर और यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *