स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार : 17 सितम्बर से शुरू होगा राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान

गांधी जयंती तक जिलेभर में लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर

कानपुर देहात। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान मनाया जाएगा, जिसका समापन गांधी जयंती के अवसर पर होगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में माननीय उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार 17 सितम्बर को जनपद स्थित मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा नागरिकों को परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

विशेष शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक पैथोलॉजी जांच, गंभीर रोगों की स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से चिकित्सकीय परीक्षण काउंटर लगाए जाएंगे। साथ ही शिविर स्थल पर आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं और इस अभियान का लाभ उठाएं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *