स्वच्छता ही सेवा–2025 : जिलाधिकारी ने बैठक कर बनाई कार्ययोजना

स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दें : जिलाधिकारी

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में “स्वच्छता ही सेवा–2025” (स्वच्छोत्सव) अभियान की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक कर इसे जन आंदोलन का रूप देना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कठिन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और बाजारों में विशेष ध्यान देकर सफाई कराई जाए। साथ ही स्वच्छता लेखा इकाइयों (CTUs) की पहचान कर उन्हें स्वच्छ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान रैलियों, गोष्ठियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन कर अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को जोड़ा जाए। इससे स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों से Whole of Government Approach अपनाते हुए आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि महात्मा गांधी जयंती (02 अक्टूबर) को इस अभियान को विशेष स्वरूप में मनाया जाए और पूरे जनपद में स्वच्छता का संदेश सशक्त रूप से प्रसारित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल स्वस्थ जीवन की कुंजी ही नहीं बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला भी है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी नरेंद्र देव सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, नगर पालिका परिषद के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *