सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

निर्माण कार्य समयसीमा में पूरे करने और सीएम युवा योजना के लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और निर्माण की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और पोर्टल पर सही एवं अद्यतन आंकड़े समय से अपलोड करें। बी, सी और डी श्रेणी में रैंकिंग वाले विभागों को ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रदर्शन सुधारने और योजनाओं को ए श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। भूमि या तकनीकी समस्याओं से प्रभावित परियोजनाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान कराने पर भी जोर दिया।

सीएम युवा योजना में तेजी, फैमिली आईडी पर विशेष जोर

सीएम युवा योजना के लंबित आवेदनों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंकर्स को शीघ्र कार्रवाई कर पात्र युवाओं के ऋण स्वीकृत करने तथा स्वीकृत ऋण का समय से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, फैमिली आईडी के पंजीकरण और सत्यापन में तेजी लाने के लिए खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने को कहा, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने दोहराया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों के निर्धारित लक्ष्य समय से पूरे किए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला, परियोजना निदेशक अनुरुद्ध प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *