बोहदपुरा में किसान प्रहलाद के खेत में हुआ फसल उत्पादन का आकलन, राजस्व विभाग की टीम ने दर्ज किए वास्तविक आंकड़े
संवाददाता
उरई/जालौन।
प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए जनपद में क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर की मौजूदगी में ग्राम बोहदपुरा में धान की क्रॉप कटिंग कराकर उपज का आकलन किया गया। किसान प्रहलाद पुत्र सोबरन सिंह के खेत में निर्धारित 43 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई की गई, जिसमें कुल 21.120 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई।
क्रॉप कटिंग की यह प्रक्रिया गाटा संख्या 829/3 में राजस्व विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई। इसके तहत खेत में त्रिभुजाकार भूखंड चिह्नित कर उसमें खड़ी धान की फसल की कटाई की गई। इसके बाद प्राप्त उपज का वजन कर वास्तविक उत्पादन के आंकड़े दर्ज किए गए।
क्रॉप कटिंग कृषि उत्पादन के आकलन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की कटाई कर प्राप्त उपज के आधार पर उत्पादकता का अनुमान लगाया जाता है। इससे विभिन्न क्षेत्रों में फसलों की पैदावार से संबंधित वास्तविक आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है। ये आंकड़े कृषि उत्पादन के आकलन और संबंधित सरकारी प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।
जिलाधिकारी की मौजूदगी में संपन्न हुई इस प्रक्रिया के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों का पालन करते हुए फसल की कटाई और उपज का वजन किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी, तहसीलदार सुरेंद्र गौतम, राजस्व विभाग की टीम, संबंधित अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।