रावण दहन स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया जोर
संवाददाता
उरई/जालौन।
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत देर रात तक सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने उरई के चिल्ली तालाब स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, गल्ला मंडी स्थित रावण दहन स्थल तथा महिल तालाब सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही सभी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गल्ला मंडी स्थित रावण दहन स्थल पर भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, जिससे दशहरा पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, एसएचओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।