सुरक्षा, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती के दिए निर्देश, विसर्जन जुलूसों के लिए तैयार होगा रूट डायवर्जन प्लान
संवाददाता
कोंच/जालौन।
नवरात्रि पर्व एवं मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने संयुक्त रूप से कोतवाली कोंच क्षेत्र के धनु तालाब स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल की स्थिति, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग, साफ-सफाई और गोताखोरों की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विसर्जन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों तथा क्यूआरटी टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशिक्षित स्थानीय गोताखोरों की तैनाती पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुविधा और विसर्जन जुलूसों के सुगम आवागमन के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लागू करने तथा पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नवरात्रि पर्व एवं मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।