मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में भेजी 148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ से पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रदेश के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की।
जनपद जालौन में भी योजना के तहत 2,521 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिला। विद्यार्थियों के बैंक खातों में कुल 56.36 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई। छात्रवृत्ति मिलने से विद्यार्थियों को शिक्षा से जुड़े विभिन्न खर्चों को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन और कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिलाधिकारी समीर ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों तक छात्रवृत्ति का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और छात्रवृत्ति अंतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।