स्नातक निर्वाचन को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24 मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश

डीएम ने प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की गहन समीक्षा की।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने निर्वाचन की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं सीओ को जनपद के सभी 24 मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान से पहले निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए।

बैठक में मतदान कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की उपलब्धता, वाहनों की व्यवस्था तथा जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सहित अन्य निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करते हुए शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर 2026 को मंडलायुक्त झांसी के न्यायालय कक्ष में मतगणना कराई जाएगी।

बैठक में सीडीओ केके सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज, एएसपी ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह, डीसी मनरेगा सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *