संवाददाता
उरई/जालौन
कैलिया। थाना कैलिया क्षेत्र के ग्राम बरौदा कला में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर रास्ते पर एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर कैलिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान के माध्यम से शनिवार सुबह करीब सात बजे थाना कैलिया पुलिस को सूचना मिली कि रामप्रकाश अहिरवार (60 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय भोपे, का शव गांव के बाहर रास्ते में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।