झांसी रोड पर चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, 31 हजार रुपये जुर्माना वसूला

दो दिन में अतिक्रमण हटाने की सख्त हिदायत, ईंट-मौरम भी जब्त

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। नगर में सड़क किनारे किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को झांसी रोड पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 31 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई ईंट और मौरम को भी जब्त किया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि दो दिवस के भीतर सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमण स्वयं हटा लिए जाएं, अन्यथा प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि नगर को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं अपने अवैध कब्जे हटा लें।

अभियान के दौरान कर अधीक्षक सहित नगर पालिका परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *