परिवार परामर्श केंद्र की पहल, चार परिवारों में सुलह कराकर टूटने से बचाया

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। जालौन पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने पारिवारिक विवादों के निस्तारण की दिशा में पहल करते हुए चार परिवारों के बीच सुलह-समझौता कराया। वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के चलते उत्पन्न विवादों की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ और सामंजस्य स्थापित कराने का प्रयास किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में प्राप्त मामलों में महिला पुलिस अधिकारियों एवं नामित सदस्यों द्वारा पति-पत्नी तथा उनके परिजनों की काउंसलिंग की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और विवाद के मूल कारणों को समझते हुए आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया गया।

काउंसलिंग के बाद चार परिवारों के दोनों पक्षों ने भविष्य में आपस में लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ रहने पर सहमति जताई। सुलह के बाद दंपतियों को एक-दूसरे की भावनाओं और समस्याओं को समझते हुए सामंजस्य बनाए रखने तथा पारिवारिक दायित्वों का उचित ढंग से निर्वहन करने की सलाह दी गई।

परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने विवादित परिवारों के सदस्यों को आपसी संवाद और समझदारी के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से परिवारों के बीच पुनः विश्वास और सौहार्द कायम करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *