आरसेटी कानपुर देहात में विभागीय विकास कार्यों पर प्रभावी रील्स निर्माण की कार्यशाला आयोजित

सोशल मीडिया के माध्यम से विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों के प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने पर जोर

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशन में जनपद में संचालित विभागीय विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI), कानपुर देहात में “Making of Effective Reels on Departmental Development Work” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के कर्मचारियों, नगर पंचायत कर्मचारियों एवं कोटेदारों को सोशल मीडिया के लिए प्रभावी एवं आकर्षक रील्स तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल फोन के माध्यम से वीडियो शूट करने, विषय का चयन करने, वीडियो की बेहतर प्रस्तुति तथा महत्वपूर्ण जानकारी को कम समय में सरल एवं स्पष्ट तरीके से लोगों तक पहुंचाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।

सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण

कार्यशाला में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय, नगर पंचायत एवं जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) कार्यालय से संबंधित कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा ग्राम एवं नगरीय स्तर पर संचालित विकास कार्यों को सरल, रोचक एवं जनहितकारी तरीके से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिभागियों को बताया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी योजना अथवा विकास कार्य की जानकारी साझा करते समय संदेश स्पष्ट, संक्षिप्त एवं तथ्यात्मक होना चाहिए। साथ ही वीडियो की गुणवत्ता, सही जानकारी और प्रभावी प्रस्तुति का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

सही जानकारी के साथ रील्स बनाने के दिए निर्देश

कार्यशाला में रील्स निर्माण के दौरान विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्रस्तुत करने, स्पष्ट संदेश देने तथा अच्छी वीडियो गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की डिजिटल क्षमता को विकसित करना महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभागीय विकास कार्यों की जानकारी को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा ग्राम एवं नगरीय स्तर पर सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के लिए कर्मचारियों की क्षमता विकसित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *