विद्युत पोल, वृक्ष कटान एवं पाइपलाइन शिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद के विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वीकृत यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे विद्युत पोल शिफ्टिंग, वन विभाग से संबंधित वृक्ष कटान तथा जल निगम द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़े सभी कार्य जनहित से संबंधित हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाएं, ताकि सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के कार्य अनावश्यक रूप से प्रभावित न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
देरी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विद्युत पोल शिफ्टिंग, वृक्ष कटान एवं पाइपलाइन शिफ्टिंग के कार्यों में देरी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य की समयसीमा निर्धारित कर उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं किए जाने अथवा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत पोल शिफ्टिंग को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक अनुमतियों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए वृक्ष कटान एवं उससे संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जल निगम के अधिकारियों को पाइपलाइन शिफ्टिंग के कार्यों में तेजी लाने तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित रूप से प्रगति समीक्षा की जाए तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से कार्यों को समय से पूरा कराने पर ही जनपद में चल रहे विकास कार्यों का लाभ आमजन को समय पर मिल सकेगा और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रोमिला, अधीक्षण/अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।