छात्राओं की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के किए गए चालान
संवाददाता / उरई-जालौन
उरई, 14 सितम्बर 2026। छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’’ के तहत स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 14 सितम्बर से 19 सितम्बर 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत राजेश कुमार वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), झांसी के नेतृत्व में जनपद जालौन में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की गई। मोटर वाहन अधिनियम एवं संबंधित नियमावलियों में निहित प्रावधानों के साथ-साथ माननीय उच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार, छात्राओं को घर से विद्यालय लाने एवं विद्यालय से घर ले जाने वाले प्रत्येक स्कूली वाहन में एक महिला परिचर/सहायक की उपस्थिति अनिवार्य है। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान राजेश कुमार वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), झांसी, राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जालौन तथा आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी, जालौन द्वारा मार्ग पर स्कूली वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कई स्कूली वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को निरुद्ध किया गया।
एसआर पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई सड़क सुरक्षा कार्यशाला
अभियान के क्रम में राजेश कुमार वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), झांसी एवं राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जालौन द्वारा एसआर पब्लिक स्कूल, कालपी रोड, उरई में विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ वाहन चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में एसआर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अशोक कुमार राठौर, प्रधानाचार्या सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
महिला परिचर की तैनाती और पुलिस सत्यापन अनिवार्य
परिवहन विभाग, जालौन ने जनपद में संचालित सभी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि छात्राओं को लाने-ले जाने वाले प्रत्येक स्कूली वाहन में अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित महिला परिचर/सहायक की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
विभाग ने यह भी निर्देशित किया है कि तैनात की जाने वाली महिला परिचर का पुलिस सत्यापन कराया जाए तथा महिला परिचर से संबंधित संपूर्ण विवरण विद्यालय के अभिलेखों में सुरक्षित रखा जाए।
परिवहन विभाग के अनुसार, जब तक वाहन में अंतिम छात्रा मौजूद रहती है, तब तक महिला परिचर का वाहन में रहना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य छात्राओं की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और संरक्षा को सुनिश्चित करना है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में होने वाले औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी स्कूली वाहन में आवश्यक प्रपत्रों की कमी अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विद्यालय प्रबंधन अथवा प्रधानाचार्य के विरुद्ध भी नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सकती है। परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।