पुलिस ड्यूटी, सेशन हवालात और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था परखी, सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
संवाददाता / उरई-जालौन
उरई। पुलिस अधीक्षक जालौन ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर में लगी पुलिस ड्यूटी, सेशन हवालात, ड्यूटी रजिस्टर तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की जानकारी लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आने-जाने वाले व्यक्तियों तथा परिसर में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को भी जांचा तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को न्यायालय परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ निभाने के निर्देश दिए।