डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा- जनभागीदारी से अभियान को बनाएं सफल, विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में जनपद जालौन में व्यापक एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एवं धर्म गुरु सहभागिता सम्मेलन आयोजित किया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान 03 से 17 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान 14 वर्ष की ऐसी किशोरियों को टीका लगाया जाएगा, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। जनपद में 9,786 बालिकाओं को 10 सितंबर तक टीकाकरण से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विद्यालयों में शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर
जिलाधिकारी ने अभियान में विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों, राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों सहित सभी संबंधित विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा एचपीवी टीके के महत्व के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
काशीराम कॉलोनी में विशेष कैंप लगाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को काशीराम कॉलोनी में विशेष कैंप लगाकर लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
वहीं जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (AEFI) के प्रबंधन की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ओपीडी में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को एचपीवी टीके के लाभ की जानकारी देने को कहा गया।
आशा, एएनएम और सीएचओ करेंगे जागरूक
अभियान के दौरान आशा, एएनएम, सीएचओ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लक्षित परिवारों से संपर्क कर उन्हें एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान में Gardasil (Quadrivalent) वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा। टीकाकरण जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर/उपकेंद्रों के साथ बड़े विद्यालयों में भी किया जाएगा।
अभिभावक की सहमति के बाद लगेगा टीका
बताया गया कि एचपीवी टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है। अभिभावक की लिखित अथवा U-WIN पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सहमति प्राप्त होने के बाद ही टीका लगाया जाएगा।
धर्मगुरुओं से भ्रांतियां दूर करने की अपील
धर्मगुरुओं से भी अपील की गई कि वे समाज में एचपीवी टीकाकरण को लेकर सही एवं प्रमाणित जानकारी पहुंचाएं तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।