पुखरायां रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और दो रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग, मंत्री राकेश सचान ने रेल मंत्री को सौंपा अनुरोध पत्र

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही का दिया आश्वासन

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। योगी सरकार में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कानपुर देहात के भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर अनुरोध पत्र सौंपा। उन्होंने पुखरायां रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा रेलवे क्रॉसिंग पर दो रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्री राकेश सचान के अनुरोध पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

पुखरायां स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

मंत्री राकेश सचान ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि पुखरायां रेलवे स्टेशन झांसी मंडल, उत्तर-मध्य रेलवे के अंतर्गत आता है और वर्तमान में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इसका नवीनीकरण एवं विकास किया जा चुका है। पुखरायां कानपुर देहात जनपद का प्रमुख एवं सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है। स्टेशन से रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 04 करोड़ रुपये की आय होती है।

साथ ही कानपुर देहात एवं आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में यात्री यहां से मुंबई तथा दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करते हैं।

उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए पुखरायां रेलवे स्टेशन पर निम्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की—

  • ट्रेन संख्या 22589/22590 बनारस–हड़पसर/पुणे
  • ट्रेन संख्या 12143/12144 सुल्तानपुर–मुंबई
  • ट्रेन संख्या 15023/15024 गोरखपुर–यशवंतपुर
  • ट्रेन संख्या 12597/12598 गोरखपुर–मुंबई
  • ट्रेन संख्या 22583/22584 छपरा–मुंबई

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का पुखरायां स्टेशन पर ठहराव होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें दूसरे स्टेशनों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

दो रेलवे अंडरपास के निर्माण का प्रस्ताव

मंत्री राकेश सचान ने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के पुखरायां में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दो रेलवे अंडरपास सेतुओं के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश सेतु निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया है।

इनमें पुखरायां रेलवे स्टेशन के समीप मंडी समिति क्रॉसिंग गेट संख्या-205 तथा पटेल चौक, पुखरायां से दलेल नगर-अटवॉ मार्ग स्थित गेट संख्या-206 शामिल हैं।

रेलवे फाटक बंद होने से होती है परेशानी

राकेश सचान ने बताया कि दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के निरंतर आवागमन के कारण अक्सर रेलवे फाटक बंद रहते हैं। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को काफी समय तक आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

दोनों स्थानों पर रेलवे अंडरपास का निर्माण होने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगी।

रेल मंत्री ने दिया आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन

मंत्री राकेश सचान ने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और पुखरायां रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव तथा दोनों रेलवे अंडरपास के निर्माण के संबंध में सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ कानपुर देहात और आसपास के जनपदों के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *