कृषि विभाग की योजनाओं का स्थलीय सत्यापन, अधिकारियों ने किसानों को दिए तकनीकी सुझाव

धान फसल प्रदर्शनों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने कीट प्रबंधन एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में जनपद में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से उप कृषि निदेशक कानपुर देहात हरिशंकर भार्गव एवं जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने विकासखंड अकबरपुर के ग्राम ज्योतिष का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईसीडीपी राइस योजना के अंतर्गत संचालित धान फसल प्रदर्शन की लाभार्थी कृषक मिथलेश कुमारी पत्नी राम आश्रय के खेत का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय कर्मचारी जगत ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषक को एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान फसल प्रदर्शन आवंटित किया गया है।

कृषक द्वारा 15 जून को कृषि विभाग से निःशुल्क बीज प्राप्त कर एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में पीआर-126 प्रजाति की बुवाई की गई थी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान फसल की वानस्पतिक वृद्धि संतोषजनक पाई गई। हालांकि पौधों पर पत्ती लपेटक कीट का प्रभाव दिखाई दिया।

अधिकारियों ने कृषक को कीट नियंत्रण के लिए इमामेक्टिन बेंजोएट 5 प्रतिशत एस.जी. का निर्धारित मानकों के अनुसार घोल बनाकर छिड़काव करने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते उचित कीट प्रबंधन से फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है।

प्राकृतिक खेती के तहत धान फसल का भी किया निरीक्षण

इसी क्रम में प्राकृतिक खेती कार्यक्रम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान प्रदर्शन के लाभार्थी कृषक राम बिहारी पुत्र श्री सीताराम के खेत का भी निरीक्षण किया गया। कृषक द्वारा 0.4 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पीआर-126 प्रजाति की बुवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान फसल की स्थिति एवं प्रगति संतोषजनक पाई गई।

निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी ने क्षेत्रीय कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जिन कृषकों के खेतों पर फसल प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं, उनका नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को फसल के अनुसार आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं समयानुकूल कृषि परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

अधिकारियों ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

किसानों को फसल बीमा कराने के लिए किया जागरूक

उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने किसानों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसलों का बीमा कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा, प्रतिकूल मौसम अथवा अन्य कारणों से फसल क्षति होने की स्थिति में फसल बीमा योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है तथा नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त हो सकता है।

उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *