संवाददाता | उरई/जालौन
जालौन। जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक जालौन, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं कोतवाली उरई पुलिस बल के साथ नगर उरई में पैदल गश्त की गई।
इस दौरान अधिकारियों ने मुख्य मार्गों, सर्राफा बाजार, सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन, व्यापारी बंधुओं एवं दुकानदारों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने लोगों को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त जारी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई पैदल गश्त से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन एवं व्यापारियों में विश्वास का माहौल देखने को मिला।