जनपद में संचालित 40 मूंग क्रय केंद्रों की वर्चुअल समीक्षा, बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने वर्चुअल समीक्षा बैठक के माध्यम से जनपद में संचालित मूंग खरीद व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, उन्हें निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले तथा खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की सुविधा एवं उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनपद में किसानों की सुविधा के लिए कुल 40 मूंग क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां किसान अपनी मूंग की उपज सुगमता से बेच सकते हैं। मूंग का निर्धारित क्रय मूल्य ₹8,768 प्रति कुंतल है।
क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित मूंग क्रय केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए उनका शीघ्र समाधान कराया जाए।
बिचौलियों पर रहेगी कड़ी नजर
मूंग खरीद प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और क्रय केंद्रों के बीच किसी भी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रय केंद्रों पर बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। यदि किसी क्रय केंद्र पर बिचौलिया किसानों से उपज खरीदने अथवा खरीद प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम से मिलेगी सहायता
जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी मूंग क्रय केंद्र पर उपज की खरीद, भुगतान अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान कंट्रोल रूम के नंबर 05162-257090 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्या का समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे बिचौलियों के माध्यम से समाधान कराने के बजाय सीधे प्रशासन को अवगत कराएं।
अब तक 10 हजार कुंतल मूंग की खरीद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने मूंग खरीद की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में स्थापित मूंग क्रय केंद्रों का संचालन विभिन्न फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों, सहकारी समितियों एवं संबंधित संस्थाओं के माध्यम से किया जा रहा है।
जनपद में मूंग खरीद का कुल लक्ष्य 4,300 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक क्रय केंद्रों पर लगभग 10 हजार कुंतल मूंग की खरीद की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि सहाव मूंग क्रय केंद्र के सचिव द्वारा खरीद में लापरवाही बरते जाने पर सचिव को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन द्वारा खरीद प्रक्रिया में लापरवाही एवं अनियमितता को गंभीरता से लिया जा रहा है।
विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से संचालित हो रहे क्रय केंद्र
जनपद में मूंग खरीद के लिए विभिन्न एफपीओ, एफपीसी, सहकारी समितियों एवं अन्य संस्थाओं के माध्यम से क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें किसान डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, शुभारम्भ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, उरई नेचुरल फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, अधिमान कृषि फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, नागेश्वर बायोएनर्जी एंड फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पुलकेतु फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, कृषि भैरव फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, कासमपुर ग्रीन फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, जेएन देशी फूड प्रोसेसिंग एंड ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सहित विभिन्न संस्थाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त आत्मनिर्भर किसान उत्पादक संगठन फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, कृषिजीवी उन्नति एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, महाराजा तेज सिंह किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पीनट एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, गणेश कृषि उत्पादन एवं विपणन सहकारी समिति लिमिटेड, विद्यांचल किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बुंदेलखण्ड मात्र भूमि कृषि ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जालौन जिला सहकारी फेडरेशन लिमिटेड, राजाराम मडोरी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सहित विभिन्न सहकारी संस्थाएं एवं बी-पैक्स भी खरीद व्यवस्था से जुड़े हुए हैं।
एफपीओ एवं एफपीसी अपने सदस्यों से करें खरीद
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी मूंग की उपज निर्धारित क्रय केंद्रों पर ही लेकर जाएं और किसी भी बिचौलिए के माध्यम से अपनी उपज का विक्रय न करें।
उन्होंने कहा कि एफपीओ एवं एफपीसी के माध्यम से क्रय केंद्र स्थापित किए जाने के पीछे शासन की मंशा यह है कि संबंधित संस्थाएं अपने सदस्यों से सीधे मूंग की खरीद करें, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को उचित मूल्य, पारदर्शी खरीद व्यवस्था एवं समयबद्ध भुगतान का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जाए और किसानों से प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि जनपद के किसानों को उनकी मेहनत का उचित एवं बेहतर लाभ मिल सके।