दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन आमंत्रि

16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राएं योजना का उठा सकती हैं लाभ

उरई, 17 अगस्त 2026 (सू०वि०)। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि जनपद जालौन में निवासरत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा ई-ट्राईसाइकिल योजना संचालित की जा रही है।

योजना का लाभ ऐसी दिव्यांग छात्राओं को दिया जाएगा, जो किसी स्कूल, कॉलेज अथवा अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं और जिन्हें दैनिक कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, छात्रावास आदि स्थानों तक आने-जाने में कठिनाई होती है। ऐसी छात्राओं को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-ट्राईसाइकिल प्रदान कर उनके शैक्षिक पुनर्वासन में सहायता की जाएगी।

इस योजना के अंतर्गत एक ई-ट्राईसाइकिल के लिए अधिकतम 65,000 रुपये की धनराशि अनुमन्य है।

योजना की पात्रता

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि योजना के लिए ऐसी दिव्यांग छात्राएं पात्र होंगी जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से प्रभावित हों। छात्रा की दृष्टि एवं मानसिक स्थिति अच्छी होनी चाहिए तथा कमर का ऊपरी भाग स्वस्थ होना आवश्यक है, ताकि वह ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हो।

आवेदिका की दिव्यांगता दिव्यांग प्रमाण-पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से मुख्य चिकित्साधिकारी, जालौन स्थित उरई कार्यालय द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है।

योजना का लाभ ऐसी दिव्यांग छात्राओं को ही दिया जाएगा, जो स्वयं अथवा जिनका परिवार आयकरदाता श्रेणी में नहीं आता हो। गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को योजना में प्रथम वरीयता प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त ऐसी छात्राओं को ही योजना का लाभ मिलेगा, जिन्हें पिछले 05 वर्षों की अवधि में किसी भी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त नहीं हुई हो

अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र अनिवार्य

ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने के लिए आवेदिका का किसी शिक्षण अथवा प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत होना आवश्यक है। इसके प्रमाण के रूप में संबंधित शिक्षण/प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जारी अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

ऑनलाइन कराएं आवेदन

इच्छुक एवं पात्र दिव्यांग छात्राएं योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विभागीय वेबसाइट www.hwd.uphq.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्राएं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट कैंपस, डीपीआरओ भवन, उरई में संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने पात्र दिव्यांग छात्राओं से अपील की है कि वे योजना की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर समय से ऑनलाइन आवेदन करें और योजना का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *