डीएम-एसपी ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता
जालौन।
जनपद जालौन में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं बेहतर ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव, सम्मान और देशभक्ति का पर्व है। इसलिए सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जनसहभागिता के साथ कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके बाद महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सभी शासकीय एवं अशासकीय भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी। इसके अलावा विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा, कारगिल शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, विद्यालयों एवं कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि गांधी चबूतरा पर सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम, गरीब एवं निराश्रित लोगों को भोजन वितरण, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण तथा बाल संरक्षण गृह एवं विशेष विद्यालयों में फल वितरण कराया जाएगा। वहीं सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र सहित जनपद के सभी सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटल, कार्यालयों, बांधों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं तिरंगा सज्जा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम का वातावरण दिखाई दे।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के सभी आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी एवं समाजसेवी मौजूद रहे।