दिव्यांग छात्र-छात्राओं हेतु राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति सहित कई योजनाओं का मिलेगा लाभ, समय रहते करें आवेदन

संवाददाता | कानपुर देहात

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने एवं उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग देना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि सभी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 9 एवं 10), पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 11 से स्नातकोत्तर स्तर तक), टॉप क्लास एजुकेशन छात्रवृत्ति, विदेश स्थित विश्वविद्यालयों में अध्ययन हेतु राष्ट्रीय ओवरसीज छात्रवृत्ति, भारतीय विश्वविद्यालयों में एम.फिल एवं पीएच.डी. के लिए राष्ट्रीय फेलोशिप तथा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग योजना संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से दिव्यांग छात्र-छात्राओं को न केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, बल्कि उन्हें उच्च शिक्षा, शोध, तकनीकी शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

आवेदन की अंतिम तिथियां

  • प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 9 एवं 10)31 अगस्त 2026
  • पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 11 से स्नातकोत्तर स्तर तक)31 अक्टूबर 2026
  • टॉप क्लास एजुकेशन छात्रवृत्ति31 अक्टूबर 2026

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अनुमोदन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं सक्षम अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इसलिए छात्र-छात्राएं आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से अपलोड करें, ताकि आवेदन निरस्त न हो।

उन्होंने जनपद के सभी पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें और भारत सरकार द्वारा संचालित इन महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सकते हैं अथवा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, कानपुर देहात से किसी भी कार्यदिवस में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *