मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं को दी गई सुरक्षा, हेल्पलाइन और साइबर जागरूकता की जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात की थाना पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने अभियान में सहभागिता की।

पुलिस टीम ने महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी आदि से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *