संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक जालौन लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने गूगल मीट के माध्यम से जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में आए फरियादियों की समस्याओं की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए पीड़ित पक्ष को संतुष्ट किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र की नियमित समीक्षा की जाए और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें तथा कानून के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करते हुए लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत करें।
जनपद पुलिस द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही ऐसी वर्चुअल जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को सुदृढ़ करना है।