संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिकन्दरा पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 06 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चोरी की बाइक ले जाने में प्रयुक्त बजाज मैक्सिमा कार्गो लोडर, 6 मोबाइल फोन तथा ₹2,820 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई 2026 को थाना सिकन्दरा क्षेत्र के मानपुर पुल अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में वे वाहनों के दस्तावेज नहीं दिखा सके और जांच में दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सिकन्दरा स्थित एक प्लॉट पर छापा मारकर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी की आठ अन्य मोटरसाइकिलें तथा उन्हें बिक्री के लिए ले जाने हेतु तैयार बजाज मैक्सिमा थ्री-व्हीलर लोडर बरामद किया गया। जांच में कई मोटरसाइकिलों के इंजन, चेसिस और नम्बर प्लेट बदली हुई मिलीं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कानपुर देहात और औरैया जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद एक आरोपी, जो मोटरसाइकिल मैकेनिक है, इंजन, चेसिस और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट्स बदल देता था, जबकि दूसरा आरोपी चोरी के वाहनों को कबाड़ अथवा अन्य स्थानों पर बेचने का काम करता था। बिक्री से मिलने वाली रकम सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 131/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो वाहन पहले से थाना सिकन्दरा में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- कुनाल पाल (20 वर्ष), निवासी हिसावां, थाना मंगलपुर
- कसीम (23 वर्ष), निवासी संदलपुर, थाना मंगलपुर
- साहिबे आलम उर्फ शिब्बू (20 वर्ष), निवासी संदलपुर, थाना मंगलपुर
- रमजान अली (19 वर्ष), निवासी संदलपुर, थाना मंगलपुर
- मुन्ना उर्फ हसनैन (22 वर्ष), निवासी अजीतमल, जनपद औरैया
- शेर सिंह उर्फ शेरू (40 वर्ष), निवासी रसूलाबाद, कानपुर देहात
बरामदगी
- 10 चोरी की मोटरसाइकिलें
- बजाज मैक्सिमा कार्गो लोडर (UP 77 BN 3951)
- 6 मोबाइल फोन
- ₹2,820 नकद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह लंबे समय से कानपुर देहात और औरैया के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।