प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बैंक और वेंडर समयबद्ध पूरा करें कार्य : जिलाधिकारी

संवाददाता
उरई/जालौन

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं अधिकृत वेंडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण, सोलर प्लांट स्थापना की प्रगति तथा बैंकों एवं वेंडरों की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं एवं शाखा प्रबंधकों द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है अथवा अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदनों को बिना ठोस कारण के निरस्त (रिजेक्ट) न किया जाए। यदि किसी आवेदन में तकनीकी अथवा अभिलेख संबंधी समस्या हो तो उसकी सूचना तत्काल यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से समस्या का समाधान कर लाभार्थी को योजना का लाभ दिलाया जा सके।

जिलाधिकारी ने योजना से जुड़े सभी अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं के पूर्ण एवं त्रुटिरहित आवेदन समय से संबंधित बैंकों में प्रस्तुत करें, जिससे ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही जिन लाभार्थियों को ऋण वितरित हो चुका है, उनके आवासों पर अधिकतम तीन दिवस के भीतर सोलर प्लांट की स्थापना अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाए।

बैठक में कुछ वेंडरों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी समीक्षा बैठक से बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले वेंडरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों, बैंक अधिकारियों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं शाखा प्रबंधक, यूपीनेडा के अधिकारी तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबद्ध वेंडर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *