संवाददाता
उरई/जालौन
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आटा टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन टोल प्लाजा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया।
शिविर में राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं परिचालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं ब्लड शुगर की जांच की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने वाहन चालकों से सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, थकान की स्थिति में वाहन न चलाने तथा सड़क संकेतों का पालन करने की अपील की।
शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार एवं उनकी टीम के सदस्यों संजय कुमार, माखन लाल, पवन कुमार विश्नोई और रवि सोलंकी ने बड़ी संख्या में वाहन चालकों एवं परिचालकों की आंखों की जांच की। साथ ही उनका ब्लड प्रेशर एवं शुगर परीक्षण भी किया गया। जिन चालकों की दृष्टि कमजोर पाई गई, उन्हें चश्मा लगाने तथा जिला चिकित्सालय में विस्तृत नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार मुकेश कुमार, यातायात प्रभारी बीर बहादुर सिंह, समाजसेवी अलीम खान, परियोजना प्रबंधक (एनएचआईटी) उत्तम सिंह, सेफ्टी मैनेजर सैयद इरफान, इंसिडेंट मैनेजर इंगेश शर्मा, प्लाजा मैनेजर अंकेश श्रीवास्तव, पैरामेडिक प्रदीप चौहान सहित टोल प्लाजा के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं परिचालक उपस्थित रहे।