संवाददाता
उरई/जालौन
पुलिस अधीक्षक, जालौन ने गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का उचित, निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा कर उसकी प्रगति पर प्रभावी निगरानी बनाए रखें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और आमजन का पुलिस पर विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण आवश्यक है।