सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 07 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

इस दौरान महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से मिलने वाली पुलिस सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवश्यकतानुसार उनका उपयोग कर सकें।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और सुरक्षित, सशक्त एवं सम्मानजनक समाज के निर्माण में अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *